मेरठ- कृषि कानून के विरोध में कलेक्ट्रेट में धरना दे रहे भारतीय किसान यूनियन के नेता इस कानून का विरोध करते हुए अपने विचार प्रकट कर रहे थे। इसी दौरान कुछ नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया।
जिस पर धरने में शामिल एक महिला कार्यकर्ता बिफर गई। महिला कार्यकर्ता ने पार्टी के नेताओं की इस हरकत पर आपत्ति जताते हुए देश के प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का प्रयोग किए जाने पर विरोध जताया।
जिसके बाद धरने में शामिल कार्यकर्ता दो गुटों में बंट गए। एक गुट ने प्रधानमंत्री के विरोध तो दूसरे ने समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई।
जिसके चलते महिला कार्यकर्ता ने भी अपनी ही पार्टी के नेताओं को जमकर खरी-खोटी सुनाई और मोदी के समर्थन का एलान कर दिया। घटना के चलते कलेक्ट्रेट में हंगामे के हालात बन गए।
जिसके बाद एडीएम सिटी अजय तिवारी और एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने हंगामे पर उतारू कार्यकर्ताओं को शांत किया। इसी के साथ महिला को समझाते हुए वापस भेजा। उधर, इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।