उज्जैन की राज रॉयल कॉलोनी में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब विदेश में काम कर रहे मंजूर अहमद की मौत की सूचना परिजनों तक पहुंची। परिवार जहां उनके शादी समारोह में शामिल होने का इंतजार कर रहा था, वहीं अचानक आई इस खबर ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय मंजूर अहमद कुवैत एयरपोर्ट पर हुए हमले की चपेट में आ गए, जिसमें उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे फ्लाइट से मुंबई लौटने के लिए टर्मिनल पर इंतजार कर रहे थे, तभी यह घटना हुई।
मंजूर अहमद पिछले लगभग 30 वर्षों से खाड़ी देश में रहकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। वे परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और बच्चों की पढ़ाई एवं भविष्य के लिए लगातार मेहनत कर रहे थे।
मृतक के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं। बेटे मोहम्मद अनस के अनुसार, घटना से कुछ घंटे पहले ही पिता से बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने जल्द घर लौटने की बात कही थी।
परिजन अब शव को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। दूतावास और प्रशासनिक स्तर पर जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही उनका पार्थिव शरीर उज्जैन लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मंजूर अहमद की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जो परिवार उनके स्वागत की तैयारी कर रहा था, अब वही अंतिम विदाई की तैयारी में जुटा है।