नई दिल्ली : फिल्मों में आपने नाग-नागिन की ऐसी कई कहानियां देखी होंगी, जिसमें नागिन नाग का बदला लेती है और उसे पूरा करती है। वहीं इंसान उससे बचने लिए तरह-तरह की उपाय करता है। लेकिन क्या आपने किसी इंसान को सांप से बदला लेते देखा है?
आपको बता दें कि ये मामला ओडिशा की है। यहां एक 45 साल के शख्स ने एक जहरीले करैत को बार-बार दांत से काटकर मौत की नींद सुला दिया।
दरअसल ओडिशा के जाजपुर जिले के एक गांव में जब एक आदिवासी शख्स को कोबरा ने काटा तो उसने अपने दांतों से बार-बार काटकर उसे मार डाला। दानागढ़ी ब्लॉक के सालिजंगा पंचायत के गंभारियापतिया गांव का किशोर बद्रा धान के खेतों में काम करने के बाद अपने घर लौट रहा था। रात काफी हो चुकी थी। इसी दौरान एक सांप ने उसके पैर में काट लिया। बद्रा ने जहरीले करैत (सांप की प्रजाति) को किसी तरह पकड़ा और तब तक उसे अपने दांतों से काटता रहा जब तक सांप मर नहीं गया।
बद्रा ने घटना का जिक्र करते हुए बताया, ‘बुधवार रात जब मैं घर लौट रहा था तो मुझे लगा कि पैर में किसी जानवर ने काट लिया। मैंने अपना टॉर्च जलाया तो एक करैत सांप को वहां देखा। बदला लेने के लिए मैंने सांप को अपने हाथों में पकड़ा और बार-बार उसे अपने दांत से काटा। इसके बाद सांप वहीं मर गया।’
इस घटना के बाद वह मरा हुआ सांप लेकर अपने गांव लौटा और पत्नी से पूरे वाकये के बारे में बताया। जल्द ही पूरे गांव में इसकी चर्चा छिड़ गई और बद्रा ने अपने दोस्तों को भी मरा हुआ सांप दिखाया। कुछ लोगों ने बद्रा को नजदीकी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। लेकिन उसने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया। इसकी जगह वह एक पारंपरिक इलाज करने वाले के पास गया। संयोग से बद्रा पर सांप के काटे जाने और सांप को काटने का कोई असर नहीं पड़ा।