डेहरी (रोहतास):बिहार के रोहतास जिले के डेहरी स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी-2) परिसर में प्रशिक्षण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज गर्मी और भीषण धूप के बीच दौड़ प्रशिक्षण कर रहे 5 से अधिक प्रशिक्षु जवान अचानक हीट स्ट्रोक का शिकार होकर बेहोश हो गए। घटना के बाद प्रशिक्षण केंद्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार बीएसएपी-2 में मंगलवार सुबह प्रशिक्षु जवानों का 16 किलोमीटर दौड़ प्रशिक्षण चल रहा था। इसी दौरान बढ़ते तापमान और तेज धूप के कारण कई जवानों की तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ जवान दौड़ते-दौड़ते अचानक गिर पड़े और बेहोश हो गए।
घटना पर नजर पड़ते ही साथ चल रहे प्रशिक्षकों और अधिकारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सभी प्रभावित जवानों को आनन-फानन में डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल और सासाराम सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

ad
बताया जा रहा है कि प्रभावित जवानों में श्री राम कुमार नामक प्रशिक्षु की हालत सबसे अधिक गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया है।
इस संबंध में सासाराम के एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने बताया कि फिलहाल तीन जवानों का इलाज सदर अस्पताल सासाराम में चल रहा है। उन्होंने कहा कि एक जवान की स्थिति चिंताजनक होने के कारण उसे वाराणसी रेफर किया गया है, जबकि अन्य जवानों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि इन दिनों बिहार समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। ऐसे में खुले मैदानों में लंबे समय तक शारीरिक प्रशिक्षण करने वाले जवानों और श्रमिकों के लिए विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
फिलहाल अस्पताल में भर्ती जवानों की स्थिति पर चिकित्सकों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है और स्वास्थ्य विभाग भी मामले की निगरानी कर रहा है