सिंगरौली जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वाहनों पर लगभग 6 लाख रुपये का अर्थदंड प्रस्तावित किया है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर जिला प्रशासन और खनिज विभाग लगातार अवैध खनिज गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। इसी क्रम में कचनी रोड स्थित ई-चेक गेट से गुजरने वाले वाहनों की ऑनलाइन जांच की गई, जिसमें चार वाहन बिना वैध ई-ट्रांजिट पास (ईटीपी) संचालित पाए गए।
खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ ऑनलाइन ई-चालान जारी किए। विभाग द्वारा कुल 5 लाख 95 हजार 600 रुपये का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है। साथ ही वाहन मालिकों को ऑनलाइन डिमांड नोटिस भी भेजे गए हैं। प्रशासन का कहना है कि खनिज परिवहन में नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के नेतृत्व में खनिज निरीक्षक दल समय-समय पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर रहा है। अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। विभाग आधुनिक तकनीक और ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम की मदद से खनिज वाहनों की निगरानी कर रहा है ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है और जिले में प्रशासन की सख्ती चर्चा का विषय बनी हुई है।