भोपालः महिला आरक्षण को लेकर मचे सियासी घमासान में आरोप प्रत्यारोप के बाद मध्य प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस दोनों प्रमुख राजनीतिक दल अब सड़कों पर उतर गए हैं। बीजेपी की आक्रोश रैली का जवाब आज महिला कांग्रेस ने सड़क पर उतर कर दिया।

आज भोपाल में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीसीसी से बीजेपी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। मगर पुलिस और जिला प्रशासन ने बीच रास्ते में बेरिकेटिंग करके उन्हें रोक दिया। इस दौरान महिला कांग्रेस ने सांकेतिक रूप से लॉलीपॉप और झुनझुना के पोस्टर, बैनर, तख्तियां लहराए।अपने आंदोलन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीसीसी के बाहर ही सरकार का पुतला दहन किया। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी ने कहा कि, पूरे प्रदेश में इस तरह के प्रदर्शन आयोजित हो रहे हैं।

बीजेपी पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए रीना बोरासी ने कहा कि, महिला आरक्षण बिल के समर्थन में कांग्रेस है और इसे तत्काल लागू किया जाना चाहिए। यह महिला आरक्षण के आड़ में परिसीमन लागू कर रहे थे। विरोध परिसीमन बिल का था। उन्होंने कहा कि आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
भोपाल से संवाददाता राहुल अग्रवाल की रिपोर्ट