शहर में वेंडिंग जोन तो सशर्त खुल गए हैं लेकिन अब आठ जून से वहां पर खाने का सामान भी बिक सकेगा। पूर्व की तरह यहां पूड़ी-सब्जी, चाट, पकौड़ी, चाय और अन्य खाने के सामान के ठेले लग सकेंगे।
नगर निगम ने यह निर्णय लिया। इससे पहले पटरी दुकानदारों के प्रतिनिधियों के साथ नगर आयुक्त डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी की बैठक हुई। बैठक में चर्चा हुई किअभी तक वेंडिंग जोन में नियमों का पालन करते हुए सब्जी फल और अन्य आवश्यक सामानों की ही बिक्री हो रही है।
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आठ जून से सभी वेंडिंग जोन पूर्ववत खुल जाएंगे। यहां अब खाने का सामान भी बिकेगा।
केंद्र और प्रदेश सरकार की तरफ से वेंडिंग जोनों के खुलने के लिए जारी नियमों का पालन करना होगा। साप्ताहिक बाजार अभी नहीं खुलेंगे।
शहर में 185 वेंडिंग जोन है, लेकिन अमीनाबाद, चारबाग और नक्खास में वेंडिंग जोन खुल नहीं पाए हैं।
बैठक में पटरी दुकानदार यूनियन के अध्यक्ष गोकुल प्रसाद ने भी यह मामला उठाया कि बीस मई के निर्णय के अनुसार सभी वेंडिंग जोन खोले जाने थे लेकिन इन जगह पुलिस दुकानें नहीं लगने दे रही है।
वेंडिंग जोन को संचालित करने के लिए नगर आयुक्त की अध्यक्षता में टाउन वेंडिंग कमेटी बनाई गई है। कमेटी का ही निर्णय सर्वोपरि होता है। कमेटी का एजेंडा तय करने के लिए बैठक बुलाई गई थी।