पन्नाः जिले के खरीदी केंद्रों से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है, जहां किसानों की मेहनत पर ‘सर्वर’ का ग्रहण लग गया है। मडला खरीदी केंद्र सहित जिले के कई उपार्जन केंद्रों पर पिछले एक हफ्ते से किसान अपनी उपज लेकर खड़े हैं, लेकिन पोर्टल बंद होने के कारण न तो स्लॉट बुकिंग हो पा रही है और न ही तुलाई के बाद रसीद मिल रही है।

किसान राजेश ने बताया कि 7-8 दिनों से साइट नहीं चल रही है। जिन किसानों की अंतिम तिथि नज़दीक है, उनके माथे पर चिंता की लकीरें गहरी हो गई हैं। प्रबंधन का कहना है कि यह ऑनलाइन समस्या है, जिसे ऊपर से ही ठीक किया जाना है। इधर, गर्मी और खुले आसमान के नीचे किसान अपनी बारी का इंतज़ार कर रहे हैं, लेकिन हर दिन उन्हें खाली हाथ घर लौटना पड़ रहा है।
अन्नदाता अब प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं कि जल्द से जल्द सर्वर की समस्या का समाधान किया जाए, ताकि उनकी फसल की तुलाई सुचारू रूप से हो सके और उन्हें रसीद मिल सके। क्या समय रहते इन किसानों की सुध ली जाएगी?
पन्ना से संवाददाता राजेश रावत की रिपोर्ट