1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. महीने भर से सड़क पर बना जानलेवा गड्ढा! प्रशासन बेखबर, ग्रामीणों ने जताया हादसे का डर

महीने भर से सड़क पर बना जानलेवा गड्ढा! प्रशासन बेखबर, ग्रामीणों ने जताया हादसे का डर

बुरहानपुर जिले के नावरा-घाघरला मार्ग पर पिछले एक महीने से सड़क का किनारा धंसने के कारण करीब 5 फीट गहरा गड्ढा बना हुआ है। यह मार्ग कई गांवों को जोड़ता है, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं होने से राहगीरों और वाहन चालकों की जान जोखिम में है। ग्रामीणों ने प्रशासन और PWD से तत्काल सड़क की मरम्मत, बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।

By: BS Yadav 
Updated:
महीने भर से सड़क पर बना जानलेवा गड्ढा! प्रशासन बेखबर, ग्रामीणों ने जताया हादसे का डर

बुरहानपुर जिले के ग्राम नावरा और घाघरला के बीच स्थित मुख्य सड़क पर पिछले महीने हुई तेज बारिश के दौरान सड़क का किनारा बह जाने से लगभग 5 फीट गहरा गड्ढा बन गया था। एक माह बीत जाने के बाद भी संबंधित विभाग द्वारा इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। सड़क किनारे बना यह गहरा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है।

यह सड़क आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। सड़क के किनारे मिट्टी कट जाने से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है, जिससे वाहनों के क्रॉसिंग के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर रात के समय और बारिश में यह स्थान और भी अधिक खतरनाक हो जाता है।स्थानीय ग्रामीण हरिओम राठौड़ का कहना है कि पिछले महीने हुई बारिश के दौरान सड़क का किनारा बह गया था, लेकिन उसके बाद से आज तक न तो गड्ढे की मरम्मत की गई और न ही सुरक्षा के लिए कोई बैरिकेड, रिफ्लेक्टर या चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। ऐसे में अनजान वाहन चालक कभी भी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा सड़क हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) से मांग की है कि सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...