भोपालः मध्य प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने यूसीसी को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार संविधान और लोकतंत्र की हत्या कर रही है और अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि दलित और आदिवासी समुदाय यूसीसी के दायरे में होंगे या नहीं। सिंघार ने सवाल उठाया कि क्या 7 लोगों की कमेटी तय करेगी कि किसे शामिल किया जाए।
उमंग सिंघार ने कहा कि सरकार को कमेटी बनाने के बजाय प्रदेश की जनता से आम राय लेनी चाहिए। महिला आरक्षण बिल पर वोटिंग न होने को लेकर भी उन्होंने बीजेपी को घेरा और कहा कि 160 विधायक होने के बावजूद सरकार वोटिंग से डर गई, जो लोकतंत्र के खिलाफ है। ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर सिंघार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार जनता को गुमराह कर रही है और बार-बार मामला कोर्ट में डाल रही है।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने मांग की कि पूरी फसल खरीदी जाए, नहीं तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी। इसके अलावा भोपाल मारपीट मामले और कुछ व्यक्तियों को संरक्षण देने के आरोपों को लेकर भी उन्होंने सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
भोपाल से संवाददाता सुनील मालवीय की रिपोर्ट