मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में अब श्रद्धालुओं को 24 घंटे लड्डू प्रसाद का आनंद मिल सकेगा। इसके लिए मंदिर में एटीएम जैसी मशीन स्थापित की जा रही है, जहां क्यूआर कोड स्कैन करने पर लड्डू प्रसाद का पैकेट बाहर निकलेगा। प्रारंभिक तौर पर दो मशीनें मंगाई गई हैं, जो जल्द ही कार्य शुरू कर देंगी। यह सुविधा भारत के किसी अन्य मंदिर में उपलब्ध नहीं है। श्रद्धालु 100 ग्राम का पैकेट 50 रुपये, 200 ग्राम का पैकेट 100 रुपये, 500 ग्राम का पैकेट 200 रुपये और 1 किलो का पैकेट 400 रुपये में ले सकेंगे।
मंदिर के प्रशासक गणेश धाकड़ ने बताया कि भोपाल के एक दानदाता ने शुरुआत में दो मशीनें मंदिर को दान देने की पेशकश की थी। इसके बाद कोयम्बटूर की 5जी टेक्नोलॉजी कंपनी को ऑटोमैटिक लड्डू प्रसाद वितरण मशीन बनाने का ऑर्डर दिया गया, जो तैयार होकर जल्द ही उज्जैन पहुंचेगी। यह मशीन एटीएम की तरह काम करेगी, जिससे श्रद्धालुओं को प्रसाद प्राप्त करने के लिए कतार में लगने की आवश्यकता नहीं होगी। मोबाइल पेमेंट के माध्यम से क्यूआर कोड स्कैन करके श्रद्धालु 24 घंटे प्रसाद प्राप्त कर सकेंगे, जिससे भीड़ प्रबंधन और सुविधा दोनों में सुधार होगा।