मैहर: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में किसानों और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर शनिवार को किसान कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज सिंह बघेल के नेतृत्व में सैकड़ों किसान और पार्टी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान किसान कांग्रेस नेताओं ने व्यापमं और हाल ही में सामने आए पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। उनका कहना था कि लगातार हो रहे पेपर लीक से प्रदेश के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की मांग की।

किसानों ने कृषि से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में खाद और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, ई-टोकन व्यवस्था को सरल बनाने, मूंग खरीदी की सीमा बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की गई।
इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने मैहर शहर की जर्जर सड़कों, खराब यातायात व्यवस्था और सफाई व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन को घेरा। उनका आरोप था कि लंबे समय से इन समस्याओं की अनदेखी की जा रही है, जिससे आम लोगों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज सिंह बघेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों और युवाओं की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी।प्रदर्शन में किसान कांग्रेस के कई पदाधिकारी, स्थानीय नेता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। फिलहाल सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर क्या कार्रवाई करता है।