मध्य प्रदेश के खेल इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा आयोजन खेलो एमपी यूथ गेम्स शुरू होने जा रहा है। राज्य स्तरीय इस महाआयोजन के शुभारंभ को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के शुभारंभ समारोह से पहले मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल स्थित टीटी नगर स्टेडियम का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने समारोह स्थल पर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स मध्य प्रदेश के खेल इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा आयोजन है। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 1 लाख से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो इसे ऐतिहासिक बनाता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
खेलो एमपी यूथ गेम्स का शुभारंभ समारोह आज शाम 6:30 बजे टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
शुभारंभ समारोह को यादगार बनाने के लिए कई खास प्रस्तुतियाँ रखी गई हैं-
प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर की विशेष संगीतमय प्रस्तुति
इंडियाज़ गॉट टैलेंट फेम डांस ट्रूप का शानदार डांस परफॉर्मेंस
खेलों पर आधारित भव्य नृत्य-नाटिका
खिलाड़ियों का आकर्षक और अनुशासित मार्च-पास्ट
खेल मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, “खेलो एमपी यूथ गेम्स युवाओं को खेलों से जोड़ने और प्रदेश की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने का एक ऐतिहासिक मंच है।” खेलो एमपी यूथ गेम्स न केवल प्रदेश के युवाओं को प्रेरित करेगा, बल्कि मध्य प्रदेश को खेलों के राष्ट्रीय मानचित्र पर एक नई और मजबूत पहचान भी दिलाएगा। यह आयोजन आने वाले वर्षों में प्रदेश के खेल भविष्य की दिशा तय करने वाला साबित हो सकता है।