1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. दिल्ली में 24 घण्टे खुल सकेंगे रेस्टोरेंट, केजरीवाल सरकार ने दी इजाजत

दिल्ली में 24 घण्टे खुल सकेंगे रेस्टोरेंट, केजरीवाल सरकार ने दी इजाजत

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
दिल्ली में 24 घण्टे खुल सकेंगे रेस्टोरेंट, केजरीवाल सरकार ने दी इजाजत

राजधानी दिल्ली ने कोरोना महामारी के संकट के बीच भी अनलॉक सबसे पहले लागू करने का जोखिम लेकर लोगों को चौंका दिया था। अब एक बार फिर दिल्ली सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि दिल्ली के सभी रेस्टोरेंट, ढाबे और होटल चौबीसों घंटे खुले रह सकते हैं. दिल्ली सरकार ने इसके लिए लाइसेंस प्रक्रिया को भी खत्म करने का फैसला लिया है।

दिल्ली के सभी रेस्टोरेंट, ढाबे और होटल को बड़ी राहत देते हुए दिल्ली सरकार ने बुधवार को कहा कि अब वे चौबीसों घंटे खुले रह सकते हैं और इसके लिए पर्यटन लाइसेंस की आवश्यकता नहीं है।

सरकारी बयान के अनुसार, व्यापार करने में आसानी के दिल्ली मॉडल का उदाहरण पेश करते हुए सरकार ने यह भी कहा कि वह रेस्तरां के लिए पुलिस लाइसेंस और स्थानीय निकायों से स्वास्थ्य व्यापार लाइसेंस लेने की अनिवार्यता को भी समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर रही है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया. इस बैठक में राष्ट्रीय राजधानी के रेस्टोरेंट्स के मालिकों ने भी भाग लिया। सरकार का कहना है कि इन कदमों से उद्योग की मांग बढ़ेगी, उससे रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

रेस्टोरेंट मालिकों के चौबीसों घंटे व्यापार करने के अनुरोध पर, उन्हें इस शर्त पर चौबीसों घंटे काम करने की अनुमति दी गई है कि वे अपने सभी कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी लेंगे।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि स्थानीय निकायों द्वारा रेस्टोरेंट्स को जारी किया जाने वाला लाइसेंस 10 दिन के भीतर समाप्त कर दिया जाए।

बताते चलें कि दिल्ली सरकार ने सभी साप्ताहिक बाजार खोलने का भी फैसला किया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब दिल्ली के सभी साप्ताहिक बाज़ार खुल सकेंगे। अभी तक केवल 2 बाजार प्रतिदिन प्रति जोन की इजाजत थी।

दिल्ली में 15 अक्टूबर से सिनेमा हॉल भी खुल सकेंगे। सिनेमाघर अपनी सिटिंग कैपेसिटी के 50 फीसदी तक ही दर्शक बैठा सकेंगे। किसी भी कन्टेनमेंट जोन में कोई सिनेमाघर नहीं खुलेगा।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...