कानपुर- महाराजपुर स्टेशन के पास मंगलवार सुबह सूखे तालाब में बुजुर्ग दंपती बद्री प्रसाद कुशवाहा और शिव प्यारी का शव मिला। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस का दावा है कि बड़ी बेटी की उपेक्षा के चलते दंपती ने खुदकुशी की।
वहीं ग्रामीणों ने हत्या कर शवों को तालाब में फेंकने की आशंका जताई। इधर शाम को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से दंपती के डूबने से मौत की पुष्टि होने से मामला उलझ गया है। फिलहाल जांच पड़ताल जारी है। महाराजपुर के सलेमपुर निवासी दंपती के तीनों बच्चों की शादी हो चुकी है।
बेटा प्रेम चकेरी के अहिरवां राजेंदर नगर, बड़ी बेटी गुड्डन महाराजपुर के भदासा व छोटी बेटी सीमा नर्वल के नुमौरा गांव में रहती है। बेटे ने बताया कि पांच साल पहले पिता तीन लाख में अपनी जमीन बेचकर गुड्डन के घर मां के साथ रहने चलते गए थे। दस दिन पहले पिता से फोन पर बातचीत हुई थी।