{ कन्नौज से रईस खान की रिपोर्ट }
कन्नौज में एक युवक का शव खेत में पड़ा मिला। शव मिट्टी से बुरी तरह सना था। सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नही पहुंची। जब मीडिया मौके पर पहुंची तब पुलिस आयी और शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज शिनाख्त की कोशिश शुरू कर दी है। जिस हाल मे शव मिला उससे हत्या किये जाने की आशंका जताई जा रही है।

कन्नौज के सदर कोतवाली क्षेत्र के शरीफापुर गांव के पास खेत मे ग्रामीणों ने आज सुबह एक युवक का शव देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सदर कोतवाली में दी, लेकिन लापरवाह पुलिस ने मौके पर पहुंचना मुनासिब नही समझा।

जब मीडिया मौके पर पहुंची और एसपी को मामले की जानकारी दी, तब आनन फानन में कोतवाल मौके पर पहुंचे। थोड़ी देर में एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह व फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गयी। एसपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की सच्चाई सामने आ पाएगी।

मृतक की शर्ट में कानपुर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के उत्तरीपुरा कस्बे के एक टेलर का नाम लिखा है। जिसके आधार पर पुलिस उसकी शिनाख्त की कोशिश कर रही है। फोरेंसिक टीम को शव के देशी शराब के पाउच व कुछ खाने का सामान भी पड़ा मिला है। जिसके आधार पर आशंका जताई जा रही है कि शराब पीने के दौरान कोई विवाद हुआ है जिसके चलते हत्या की गयी है।