भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने पार्टी के राज्य सचिवालय मार्च के दौरान बंगाल पुलिस द्वारा बम फेंकने और मानवाधिकारों का उल्लंघन किए जाने का आरोप लगाया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल सरकार दोहरे नियमों का पालन कर रही है जिसमें एक भाजपा के लिए और दूसरा सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए है। उन्होंने कहा कि कथित हाथरस कांड और कृषि संबंधी कानूनों के खिलाफ तृणमूल की रैलियों के दौरान कोविड-19 दिशानिर्देशों का उल्लंघन किया गया लेकिन उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने सवाल करते हुआ कहा कि विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ आचरण का क्या यह आपका तरीका है? उन्होंने आरोप लगाया कि रैली के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए। हम बंगाल पुलिस द्वारा किए गए अत्याचारों के खिलाफ न्याय पाने के लिए अदालत और मानवाधिकार आयोग जाएंगे।
आपको बता दें कि हावड़ा में पार्टी की रैली के दौरान पुलिस द्वारा एक सिख पर कथित तौर पर हमला करने और पगड़ी खींचने के मुद्दे पर विजयवर्गीय ने राज्य की तृणमूल सरकार पर समुदाय की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया।