1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. Loksabha Election: जेपी नड्डा सिरोंज में भरेंगे चुनावी हुंकार,CM मोहन 5 जिलों में करेंगे जनसभा

Loksabha Election: जेपी नड्डा सिरोंज में भरेंगे चुनावी हुंकार,CM मोहन 5 जिलों में करेंगे जनसभा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सागर और सिरोंज में चुनावी हुंकार भरेंगे।

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
Loksabha Election: जेपी नड्डा सिरोंज में भरेंगे चुनावी हुंकार,CM मोहन 5 जिलों में करेंगे जनसभा

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के पहले बीजेपी कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का एमपी आना जाना लगा हुआ है। आज बीजेपी और कांग्रेस के शीर्ष नेता करेंगे एमपी में चुनावी प्रचार करेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सागर लोकसभा में हुंकार भरेंगे। इसके बाद वे सिरोंज में जनसभा करेंगे। वहीं ग्वालियर चंबल में प्रियंका गांधी आज दम लगाएंगी। मुरैना में प्रियंका गांधी जनसभा को संबोधित करेंगी। दोपहर 1 बजे मुरैना में प्रियंका गांधी जनसभा करेंगी।

सीएम डॉ मोहन यादव के धुआंधार चुनावी दौरे जारी है। आज सीएम उज्जैन, मंदसौर, देवास, राजगढ़ और सागर लोकसभा जाएंगे। सीएम 5 जनसभाएं और बूथ पर जनसंपर्क करेंगे। सीएम सुबह 9:40 बजे उज्जैन में आयुष्मान विस्तार के फॉर्म भरवाएंगे। सुबह 11:30 बजे मंदसौर के जावरा में जनसभा करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:40 देवास के आगर में जनसभा में शामिल होंगे।दोपहर 2 बजे राजगढ़ के नरसिंहगढ़ में जनसभा करेंगे। दोपहर 3:10 चाचौड़ा में जनसभा में शामिल होंगे। शाम 4:55 सागर में जेपी नड्डा के साथ जनसभा में शामिल होंगे।

बीजेपी की चुनाव प्रबंधन टोली की बैठक

तीसरे चरण के मतदान से पहले बीजेपी अलर्ट मोड पर है। आज बीजेपी की चुनाव प्रबंधन टोली की बैठक होनी है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा बैठक लेंगे। तीसरे और चौथे चरण में मतदान प्रतिशत बढ़ाने रणनीति बनाई जाएगी। सुबह 11 बजे प्रदेश कार्यालय में बैठक शुरू होगी। बता दें कि मध्यप्रदेश में पहले और दूसरे चरण में कम मतदान हुआ है।

ऐसी रहेगी पार्किंग व्यवस्था

  • लटेरी, भोपाल एवं गुना से आने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था न्यू स्टार पेट्रोल पंप के सामने रहेगी।
  •  गंजबासौदा, बीना से आने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था नई कृषि उपज मंडी व पुरानी कृषि उपज मंडी में रहेगी।
  • मंचासीन एवं वीआईपी पदाधिकारियों के लिए पार्किंग पालीवाल होटल में रहेगी। वह लटेरी नाका तरफ से थाने के सामने से तालब रोड़, लेक सिटी होते हुए वीआईपी पार्किंग पालीवाल होटल पहुंचेंगे।

सागर लोकसभा सीट इतिहास

सागर लोकसभा सीट मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड की सबसे अहम सीटों में से एक है। यह बीजेपी का गढ़ मानी जाती है और यहां पर 1996 के बाद से कोई और पार्टी ने जीत हासिल नहीं की है. प्रदेश की राजनीति में भी इस क्षेत्र से कई दिग्गज राजनेता शामिल रहे हैं। सागर लोकसभा सीट में भी आठ विधानसभाओं को शामिल किया गया है जिसमें बीना, खुरई, सुरखी, नरयावली और सागर के साथ-साथ विदिशा जिले की कुरवाई, सिरोंज और शमशाबाद शामिल है।

इस क्षेत्र में छोटी-बड़ी कई नदियां बहती हैं जिनमें बेतवा, धसान, बेबस, बीना, बामनेर, सुनार नदियां शामिल हैं। इन नदियों की वजह से इस क्षेत्र के कई गांवों को सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति होती है। अगर इस क्षेत्र में पर्यटन की बात की जाए तो यहां राहतगढ़ वॉटरफॉल बेहद खूबसूरत है, जो कि बीना नदी से बना है। वहीं महाभारत कालीन एरण यहां पर कई ऐतिहासिक धरोहरों को अपने अंदर समाए हुए है। खिमलासा का प्राचीन किला भी यहां पर दर्शनीय स्थल है।

इनके अलावा यहां पर गढ़पहरा पर बना हनुमान जी का मंदिर और रानगिर में बना माता हरसिद्धि का मंदिर पूरे क्षेत्र के लिए विशेष आस्था का केंद्र है। यहीं पर नौरादेही वन्य जीव अभ्यारण्य भी है जो कि सागर, दमोह और नरसिंहपुर जिले के त्रिभुज पर बना है। इनके अलावा सागर की लाख बंजारा झील भी इस क्षेत्र की पहचान है।

राजनीतिक ताना-बाना

सागर जिला बीजेपी के लिए एक सुरक्षित लोकसभा सीट मानी जाती है। इसके पीछे की वजह है कि 1996 के बाद से यहां पर किसी और पार्टी की दाल नहीं गली है। सिर्फ बीजेपी ने ही अपना कब्जा जमाया हुआ है। 2019 के चुनाव की बात की जाए तो यहां से बीजेपी ने राजबहादुर सिंह को मैदान में उतारा था जबकि कांग्रेस ने प्रभु सिंह ठाकुर को टिकट दिया था। इस चुनाव में बीजेपी को 646231 वोट मिले थे जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार को 340689 वोट मिले थे। बीजेपी के राजबहादुर सिंह ने कांग्रेस के प्रभु सिंह ठाकुर को करीब 3 लाख वोटों से करारी शिकस्त दी धी।

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...