1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. JMM ने कहा- हम न तो राजद के साथ और न ही जदयू के साथ मिलकर वहां चुनाव लड़ेंगे

JMM ने कहा- हम न तो राजद के साथ और न ही जदयू के साथ मिलकर वहां चुनाव लड़ेंगे

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
JMM ने कहा- हम न तो राजद के साथ और न ही जदयू के साथ मिलकर वहां चुनाव लड़ेंगे

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आज बिहार विधानसभा चुनावों के लिए राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व में बने महागठबंधन से अलग होने की घोषणा करते हुए कहा कि जेएमएम बिहार में अकेले विधानसभा चुनाव लड़ेगी। जेएमएम आरोप लगाते हुए कहा कि आरजेडी ने उनके साथ राजनीतिक मक्कारी की है लिहाजा वह अकेले ही चुनाव लड़ेगी।

बता दें कि झारखंड में आरजेडी और कांग्रेस के साथ मिलकर जेएमएम ने विधानसभा चुनाव लड़ा था। झारखंड में आरजेडी ने एक सीट पर जीत हासिल की थी और पार्टी के विधायक को मंत्री का पद भी मिला।

फिलहाल जेएमएम ने बिहार की सात सीटें तय की हैं जहां पर वह अपने उम्मीदवार उतारेगी। आगे दूसरे और तीसरे चरण के लिए भी वह अपने कैंडिडेट उतार सकती है। जेएमएम के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा, “जेएमएम ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। हमने सात सीटों की पहचान की है जहां हम चुनाव लड़ेंगे।”

फिलहाल झामुमो ने झारखंड की सीमावर्ती सात विधानसभा सीटों पर अकेले के दम पर चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए कहा है कि आगे दूसरे और तीसरे चरणों के लिए कुछ अन्य सीटों पर वह अपने उम्मीदवार उतार सकती है।

उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल झामुमो ने पहले चरण में सात सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है जो आगे बढ़ भी सकती हैं। फिलहाल पार्टी ने झाझा, चकई, कटोरिया, धमदाहा, मनिहारी, पीरपैंती और नाथनगर सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का फैसला किया है।’’

झामुमो के केन्द्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बिहार में महागठबंधन का नेतृत्व कर रहे आरजेडी की राजनीतिक मक्कारी के चलते आगामी विधानसभा चुनावों में अकेले ही चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘हम बिहार चुनाव लड़ेंगे तो हमें किसी की राजनीतिक खैरात नहीं चाहिए। हम अपने संगठन के बल पर चुनाव लड़ने के लिए सक्षम हैं। इसीलिए हमने निर्णय लिया है कि बिहार विधानसभा चुनाव में हम ताल ठोंककर लड़ेंगे। हम कम सीटों पर लड़ेंगे लेकिन ताल ठोंक कर लड़ेंगे। हम न तो राजद के साथ और न ही जदयू के साथ मिलकर वहां चुनाव लड़ेंगे।’’

बिहार में महागठबंधन से अलग होने के जेएमएम के फैसले का झारखंड में असर पूछे जाने पर उन्होंने दो टूक कहा, ‘‘फिलहाल झारखंड में सत्ताधारी गठबंधन पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा क्योंकि हम जिसके घर में दिया जलाते हैं उसे बुझाने में विश्वास नहीं रखते हैं।’’

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...