रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
उत्तराखंड : उत्तराखंड में त्रिवेंद्र सिंह रावत के सीएम पद के इस्तीफा देने के बाद से लोगों के मन में सवाल था कि उत्तराखंड का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा ? जिसके लिए कई बीजेपी कई नेताओं के नामों की चर्चा हो रही थी। हालांकि, इसी बीच पार्टी ने उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री का चुनाव कर लिया है । जी हां, उत्तराखंड के अगले मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत होंगे । बता दें कि जिन नेताओं को लेकर कयास लगाए जा रहे थे, उनसे बिल्कुल उलट तीरथ सिंह रावत का चयन किया गया है ।
बता दें कि उत्तराखंड के भावी मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव हैं । तीरथ 9 फरवरी 2013 से 31 दिसंबर 2015 तक भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखंड के पार्टी प्रमुख थे । इसके अलावा साल 2012 से 2017 तक चौबट्टाखाल निर्वाचन क्षेत्र से उत्तराखंड विधानसभा के पूर्व सदस्य रह चुके हैं ।
तीरथ सिंह रावत का जन्म उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पापरो गाँव में हुआ । वह उत्तर प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष थे । सन् 1997 में उन्हें उत्तर प्रदेश विधान परिषद का सदस्य चुना गया । बता दें कि तीरथ नवगठित राज्य उत्तराखंड के पहले शिक्षा मंत्री रह चुके हैं ।
इसके बाद साल 2007 में उत्तराखंड के राज्य महासचिव के पद पर आसीन हुए । और फिर तीरथ को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और राज्य सदस्यता प्रमुख के रूप में चुना गया ।
तीरथ सिंह रावत साल 2012 में विधान सभा सदस्य (MLA) बने । इसके अलावा 2013 में उन्होंने उत्तराखंड भाजपा प्रमुख का पदभार संभाला ।
आपको बताते चलें कि तीरथ ने उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष के रूप में छह में से चार नगर निगमों में महापौर पद जीते । बता दें कि उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष के तौर पर तीरथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड की सभी पाँच सीटों पर जीत हासिल की । इतना ही नहीं, पूरे भारत में मतदान प्रतिशत के मामले में उत्तराखंड दूसरे स्थान पर रहा । जिसके बाद 23 मई 2019 को उन्हें पौड़ी लोक सभा सीट से एमपी के तौर पर चुना गया । इस दौरान तीरथ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मनीष खंडूरी को 3.50 लाख से अधिक मतों से हराया था ।
बता दें कि साल 2019 में तीरथ सिंह रावत एक दुर्घटना के भी शिकार हो गए थे । जिसमें वो वह बाल- बाल बचे थे । दरअसल, हरिद्वार- दिल्ली राष्ट्रीय मार्ग से जाते हुए उनकी कार सामने से आ रहे वाहन से टकरा गयी थी । जहां तीरथ गंभीर रूप से घायल हो गए थे । जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया । हालांकि, हालत में सुधार न होने पर उन्हें एम्स रेफर कर दिया गया था । जहां कुछ दिनों के इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ ।