नई दिल्ली : कोरोना महामारी को लेकर पूरी दुनिया में वैक्सीनेशन का कार्यक्रम शुरू हो चुका है, जिसके अंतर्गत अभी तक कई करोड़ों लोगों ने कोरोना की वैक्सीन ले ली। हालांकि इस वैक्सीने को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। इनमें से एक सवाल ये भी है कि क्या कोविड वैक्सीन लगवाने के बाद सेक्स करना सुरक्षित है?

अगर हम एक्सपर्ट की मानें तो पुरुष और महिलाओं को वैक्सीन की दूसरी डोज लेने के बाद गर्भनिरोधक का इस्तेमाल करना चाहिए और इस दौरान उन्हें फैमिली प्लानिंग से बचना चाहिए। इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कोलंबिया एशिया हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन डॉक्टर दीपक वर्मा ने बताया कि, ‘ये कहना अभी जल्दबाजी होगी कि क्या वैक्सीन के कोई लॉन्ग टर्म साइड इफेक्ट हैं और सेक्स के बाद लोगों पर इसका क्या असर पड़ सकता है। वैक्सीन लगवा चुके लोग हर बार सेक्स से परहेज नहीं कर सकते हैं इसलिए बचाव ही सुरक्षित रहने का सबसे सही तरीका है।’

डॉक्टर का कहना है कि वैक्सीन की दूसरी डोज लेने के बाद कम से कम 2 से 3 सप्ताह के लिए पुरुष और महिलाओं को कंडोम जैसे गर्भ निरोधकों का इस्तेमाल करना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि सेक्स के दौरान बॉडी के फ्लूइड एक-दूसरे के संपर्क में आते हैं।
डॉक्टर वर्मा ने कहा कि, ‘हमें नहीं पता कि वैक्सीन लोगों पर किस तरह असर डालेगी इसलिए कंडोम का इस्तेमाल करना सबसे अच्छा और प्रभावशाली रोकथाम होगा।’ उन्होंने यह भी सलाह दी कि वैक्सीन लगवाने वाली योग्य महिलाओं को टीका लगवाने से पहले स्त्री रोग विशेषज्ञ से परामर्श जरूर करना चाहिए।

आपको बता दें कि कोवैक्सीन के तीसरे चरण का क्लिनिकल ट्रायल अभी भी जारी है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जायेगा। इसमें वॉलंटियर्स को तीन महीने तक सेक्स के दौरान कंडोम का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है। वहीं कोवैक्सीन के रिक्रूटमेंट क्राइटेरिया में पुरुष वॉलंटियर्स को वैक्सीन लगवाने के तीन महीने बाद तक स्पर्म डोनेट ना करने की भी सलाह दी गई है।
हालांकि, सरकार की ओर से सिर्फ प्रेग्नेंट और ब्रेस्ट फीडिंग कराने वाली महिलाओं को ही वैक्सीन ना लेने की सलाह दी गई है लेकिन वैक्सीन लगवाने के बाद सेक्स संबंधी सावधानियों के बारे में कुछ नहीं बताया गया है।

मेडिकल एक्सपर्ट्स का कहना है कि क्लिनिकल ट्रायल के अंतर्गत वैक्सीनेशन के बाद लोगों को कंडोम का इस्तेमाल करना चाहिए क्योंकि इसका भ्रूण और फर्टिलाइजेशन प्रक्रिया पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है जिसके बारे में अभी तक कुछ सटीक जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है। एक्सपर्ट का कहना है कि वैक्सीन लगवाने वालों को 3-6 महीने तक पार्टनर के साथ सेक्स से बचना चाहिए।
आपको बता दें कि, अभी स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से इस पर कोई दिशानिर्देश जारी नहीं किए गए हैं लेकिन मेडिकल एक्सपर्ट्स इस पर लोगों को कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दे रहे हैं।