1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. Ujjain: “दिल्ली के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रोपॉलिटन एरिया इंदौर-उज्जैन”- CM डॉ. मोहन

Ujjain: “दिल्ली के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रोपॉलिटन एरिया इंदौर-उज्जैन”- CM डॉ. मोहन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से कौशल सेतु - इंडस्ट्री लीड स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम और प्रोजेक्ट स्वाध्याय (कोडिंग फॉर ऑल) की भी शुरुआत की।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
Ujjain: “दिल्ली के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रोपॉलिटन एरिया इंदौर-उज्जैन”- CM डॉ. मोहन

उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को गति देते हुए डॉ. मोहन यादव ने 129 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री सोमवार, 29 दिसंबर को उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने नगर के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ किया। इस अवसर पर UtkarshUjjain.com पोर्टल का भी अनावरण किया गया, जो उज्जैन के विकास और निवेश से जुड़ी जानकारी को एक मंच पर उपलब्ध कराएगा।

नानाखेड़ा स्टेडियम में हुआ भव्य आयोजन

यह कार्यक्रम नानाखेड़ा स्टेडियम स्थित भव्य सभा स्थल पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन को सुव्यवस्थित, आधुनिक और श्रद्धालु एवं नागरिकों के लिए सुविधाजनक शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास कार्य समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे हों।

युवाओं के लिए कौशल और रोजगार की पहल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से कौशल सेतु – इंडस्ट्री लीड स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम और प्रोजेक्ट स्वाध्याय (कोडिंग फॉर ऑल) की भी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों का होगा उन्नयन

कार्यक्रम के दौरान जिन विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया, उनमें कपिला गौशाला का संवर्धन एवं विकास, शहर के प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण, सेंट्रल डिवाइडर का निर्माण, ईडब्ल्यूएस कॉलोनी का विकास तथा कई प्रमुख चौराहों और सड़कों का उन्नयन शामिल है।

इन कार्यों में नानाखेड़ा चौराहा से शांति पैलेस, सांदीपनि चौराहा से उदयन मार्ग, हनुमान नाका से हरिफाटक, नीलगंगा चौराहा से हरिफाटक ब्रिज, टैगोर चौराहा से दो तालाब और गाड़ी अड्डा चौराहा से रणकेश्वर महादेव मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।

यातायात और सुविधाओं में होगा बड़ा सुधार

मुख्यमंत्री ने बताया कि ये सभी विकास कार्य नगर निगम उज्जैन के माध्यम से कराए जाएंगे। इनसे शहर की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि सिंहस्थ 2028 को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप में आयोजित किया जा सके।

डॉ. मोहन यादव की मुख्य बातें…

  •  विकास के लिए हमारी सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
  • उज्जैन में युवाओं को जॉब रेडी, स्टार्टअप रेडी और फ्यूचर रेडी बनाने के लिए रोजगार से जुड़े सभी कार्य संचालित किए जाएंगे : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आकाशवाणी उज्जैन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
  • उज्जैन में जो भी एक बार आए, वह जीवन में बार-बार आए-ऐसा वातावरण बनाने के लिए सभी उज्जैनवासियों को प्रयास करने की आवश्यकता है : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनि लोक के विकास के लिए 140 करोड़ रुपये की घोषणा की।
  • दिल्ली के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रोपॉलिटन एरिया इंदौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन एरिया बना है : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में हॉकी स्टेडियम बनाने की घोषणा की।
इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...