हरियाणा के झज्जर में देश का सबसे बड़ा राष्ट्रीय कैंसर संस्थान बना है, फिलहाल राष्ट्रीय कैंसर संस्थान में 50 बेड की सुविधा शुरू की जा चुकी है. इस साल के अंत तक यहां 400 बेडों की सुविधा शुरू कर दी जाएगी. फिलहाल संस्थान की ओपीडी में 80 से 100 मरीजों को देखा जा रहा है.
राष्ट्रीय कैंसर संस्थान के निदेशक डॉक्टर जीके रथ ने बताया कि दिल्ली के एम्स से भी यहां मरीज लाए जा रहे हैं. साल 2020 तक 500 बेड की सुविधा शुरू करने का लक्ष्य है. यहां मार्च से ऑपरेशन थियेटर और रेडियोथेरेपी की सुविधा भी शुरू हो जाएगी.
इस संस्थान में कैंसर का इलाज करने के लिए ऑपरेशन, रेडिएशन समेत अन्य सुविधाएं होंगी। इसमें भारत का अपनी तरह का पहला उत्तक (टिशू) बैंक भी होगा। यह संस्थान दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के अंतर्गत होगा।
झज्जर में तैयार हुए देश के सबसे बड़े कैंसर संस्थान में प्रोटोन थैरेपी की भी व्यवस्था की गई है. यह ऐसी थैरेपी है जिसमें प्रोटोन बीम से मरीजों के कैंसर के ट्यूमर को नष्ट कर दिया जाता है.
इसके लिए एम्स ने अत्याधुनिक मशीन का ऑर्डर भी दे दिया है. निजी अस्पतालों में इस मशीन से इलाज का खर्च 20 से 25 लाख रुपये तक जाता है.