1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. बड़वानी में अधूरा पैवर कार्य बना परेशानी, खुले चैंबर से हादसों का खतरा बढ़ा

बड़वानी में अधूरा पैवर कार्य बना परेशानी, खुले चैंबर से हादसों का खतरा बढ़ा

बड़वानी के कारंजा चौराहा से अंजड़ रोड तक अधूरा पैवर कार्य और खुले ड्रेनेज चैंबर लोगों के लिए खतरा बन गए हैं। कई जगह गड्ढे और खुली नालियां होने से बाइक सवारों व राहगीरों के हादसे बढ़ रहे हैं। खासकर कन्या हायर सेकंडरी स्कूल के आसपास की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने और खुले चैंबर पर सुरक्षा जालियां लगाने की मांग की है।

By: Nivedita 
Updated:
बड़वानी में अधूरा पैवर कार्य बना परेशानी, खुले चैंबर से हादसों का खतरा बढ़ा

बड़वानी शहर के कारंजा चौराहा से अंजड़ रोड तक नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे पैवर और डिवाइडर निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं। सड़क किनारे कई जगहों पर पैवर ब्लॉक अधूरे छोड़ दिए गए हैं, जबकि खुले ड्रेनेज चैंबर और गड्ढे राहगीरों व वाहन चालकों के लिए खतरा बन गए हैं।

खुले गड्ढों और नालियों से हो रहे हादसे

कारंजा क्षेत्र में पुराने रेंजर कार्यालय के सामने सीसी रोड के किनारे गहरे गड्ढे खुले पड़े हैं। वहीं एमपीईबी मार्ग के प्रवेश क्षेत्र में दोनों तरफ खुली नालियों के कारण बाइक सवारों के फिसलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां कई छोटे हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक सुधार कार्य पूरा नहीं किया गया।

स्कूल क्षेत्र में सबसे ज्यादा खतरा

कन्या हायर सेकंडरी स्कूल के आसपास की स्थिति सबसे अधिक चिंाजनक बनी हुई है। स्कूल गेट के पास सड़क किनारे खुले नाले और गहरे गड्ढे मौजूद हैं। इसके अलावा कन्या शाला और पुराने रेस्ट हाउस के सामने बने ड्रेनेज चैंबर पर सुरक्षा जालियां नहीं लगाई गई हैं, जिससे छात्राओं और पैदल चलने वालों को हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है।

व्यस्त मार्ग होने के कारण बढ़ी समस्या

स्थानीय नागरिक भूपेंद्र सिंह चौहान के अनुसार यह शहर का प्रमुख मार्ग है, जहां पीजी कॉलेज, नगर पालिका कार्यालय, लोक सेवा केंद्र और कई बैंक स्थित हैं। रोजाना हजारों लोग इस रास्ते से गुजरते हैं। डिवाइडर रोड बनने के बाद वाहनों की गति बढ़ गई है, जिससे अधूरे निर्माण कार्य और खुले चैंबर बड़े हादसों की वजह बन सकते हैं।

नागरिकों ने की जल्द सुधार कार्य की मांग

स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से मांग की है कि अधूरा पैवर कार्य जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही खुले ड्रेनेज चैंबर पर मजबूत जालियां लगाकर सड़क किनारे की नालियों को व्यवस्थित किया जाए ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।

लापरवाही पर उठ रहे सवाल

नागरिकों का कहना है कि शहर में सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों की शुरुआत तो कर दी जाती है, लेकिन समय पर उन्हें पूरा नहीं किया जाता। अधूरी निर्माण सामग्री, खुले गड्ढे और असुरक्षित चैंबर प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाते हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

 

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...