बिहार के सारण जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सदर अस्पताल में अत्याधुनिक पैथोलॉजिकल टेस्ट लैब का उद्घाटन जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने किया। नई लैब शुरू होने के साथ अब मरीजों को एक ही स्थान पर 127 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांच की सुविधा मिलेगी।
नई लैब के संचालन से मरीजों को निजी पैथोलॉजी केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे जांच कराने में समय और खर्च दोनों की बचत होगी। अस्पताल प्रशासन का मानना है कि इस सुविधा से जिले के हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा।
राज्य सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत अनुमंडलीय अस्पतालों में 76 प्रकार, रेफरल अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 63 प्रकार तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 45 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

लैब के उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतीक्षा कक्ष, जांच लैब, रिपोर्ट वितरण केंद्र और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को मरीजों की सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर के बाहर उपलब्ध सभी जांचों की सूची बड़े होर्डिंग पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके। उन्होंने अस्पताल तक पहुंचने वाली निर्माणाधीन सड़क का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के साथ-साथ परिसर को जलजमाव मुक्त रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।