बिहार के बांका जिले के अमरपुर स्थित आदर्श बालिका उच्च विद्यालय परिसर में शुक्रवार को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना रहा।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पंकज रंजन के नेतृत्व में छात्राओं ने परिसर में कचनार, गुलमोहर, अशोक, अमरूद, पपीता और आंवला सहित कई फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। इस दौरान परिसर को हरित बनाने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक ने छात्राओं को एक-एक फलदार पौधा भेंट किया और उन्हें अपने घर व आसपास पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सभी छात्राओं को पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की शपथ दिलाई गई।

प्रधानाध्यापक ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का सामना करने के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पेड़ न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, भूमि संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षिका रिचाधर शुक्ला ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक प्रेरणादायक प्रयास है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम में छात्राओं ने पौधों की सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर शिक्षक मनोज शर्मा, विश्वजीत कुमार, प्रिया कुमारी, लुसी कुमारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।