रोहतास (बिहार)। जिले के राजपुर प्रखंड कार्यालय में तैनात एक आवास सहायक द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) पर गंभीर मारपीट के आरोप लगाए जाने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में राजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आवास सहायक कुमार अमरेंद्र ने आरोप लगाया है कि 11 जून 2026 को दोपहर करीब 12 बजे उन्हें विभागीय चर्चा के बाद BDO के कार्यालय में बुलाया गया। वहां पहले से मौजूद एक सिपाही के साथ मिलकर उनके साथ बेल्ट, थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की गई।
पीड़ित का दावा है कि घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित अधिकारी पहले भी अभद्र व्यवहार करते रहे हैं। साथ ही BDO पर शराब और गांजा सेवन जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
आवास सहायक ने मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए कार्यालय परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई है।

राजपुर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के सामने आने के बाद प्रखंड कार्यालय और प्रशासनिक महकमे में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे की प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।