बिहार की राजनीति में इस समय आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज़ हो गया है। बेगूसराय से सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस और राजद पर गंभीर आरोप लगाते हुए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को कटघरे में खड़ा किया है। जन्माष्टमी पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने विपक्ष पर करारा हमला बोला। गिरिराज सिंह का आरोप है कि बेगूसराय में “माई बहन योजना” के नाम पर फर्जी फॉर्म भरवाए जा रहे हैं, जबकि ऐसी कोई योजना अस्तित्व में ही नहीं है। उन्होंने इसे मतदाताओं को भ्रमित करने और झूठे प्रलोभन देने की रणनीति बताया। सिंह ने इस मामले को गंभीर साजिश बताते हुए कहा कि यह मतदाताओं को बहकाने का प्रयास है और इसके पीछे कांग्रेस व राजद की मिलीभगत है।
उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की तुलना कंस से करते हुए कहा कि जैसे भगवान श्रीकृष्ण ने कंस का अंत किया था, वैसे ही भ्रष्टाचार और झूठ की राजनीति करने वालों का भी अंत तय है। सिंह ने प्रशासन से इस मामले में दोषियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420 में केस दर्ज करने की मांग की। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग से भी सख्त कार्रवाई करने की अपील की और कहा कि उनके पास पुख्ता सबूत मौजूद हैं। गिरिराज सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन कार्रवाई नहीं करता है तो समाज को ऐसे लोगों को खुद खदेड़ना होगा।