1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. लहसुन नीलामी पर विवाद: वायरल वीडियो से हड़कंप, जांच के बाद किसान ने किया खंडन

लहसुन नीलामी पर विवाद: वायरल वीडियो से हड़कंप, जांच के बाद किसान ने किया खंडन

मंडी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है, तो निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By: Naredra 
Updated:
लहसुन नीलामी पर विवाद: वायरल वीडियो से हड़कंप, जांच के बाद किसान ने किया खंडन

उज्जैनः शासकीय मंडी से लहसुन की नीलामी को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक किसान ने नीलामी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मिलीभगत के आरोप लगाए। हालांकि अब इस पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है। जहां जांच के बाद खुद किसान ने अपने आरोपों का खंडन किया।

पूरा मामला 18 अप्रैल का बताया जा रहा है। जब एक किसान अपनी लहसुन की फसल लेकर उज्जैन की शासकीय मंडी में बेचने पहुंचा था।नीलामी के दौरान किसान ने आरोप लगाया कि बोली लगाते समय एक व्यक्ति द्वारा इशारे के जरिए भाव को प्रभावित किया जा रहा है। यहां तक कि वीडियो में उंगली पकड़कर संकेत देने जैसी बात भी सामने आई।

किसान ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए पारदर्शिता पर सवाल उठाए और एपीएमसी उज्जैन से जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की। वीडियो वायरल होने के बाद मंडी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए।

हालांकि, मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडी प्रशासन ने किसान को बुलाकर पूरी घटना की जांच की। शासकीय मंडी के सचिव के अनुसार, नीलामी के दौरान माहौल में सामान्य हंसी-मजाक भी चलता रहता है। उसी दौरान हाथ दबाने की घटना हुई, जिसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया।

सचिव ने बताया कि यदि कोई गलत इशारा होता, तो बोली उसी व्यक्ति के पक्ष में जाती। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और बोली 500 रुपए तक ऊपर गई। जिससे यह स्पष्ट होता है कि किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई। साथ ही उन्होंने संबंधित कर्मचारी को ईमानदार बताते हुए कहा कि उसका पूर्व में कोई विवादित रिकॉर्ड नहीं रहा है। वहीं किसान ने भी बाद में वीडियो जारी कर पूरे मामले का खंडन किया है।

मंडी प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है, तो निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले ने एक बार फिर मंडियों में पारदर्शिता और नीलामी प्रक्रिया को लेकर बहस छेड़ दी है।

उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...