बिहार में विधानसभा चुनाव 2020 अब नजदीक है। ऐसे में पुलिस लगातार अपराधियों की गिरफ्कारी के लिए छापेमारी कर रही है। इसी के चलते कैमूर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।
जिले के भगवानपुर के कैमूर पुलिस ने 20 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात डकैत दारोगा लोहार को गिरफ्तार कर लिया है। पांच हजार के इनामी दारोगा पर डकैती और फिरौती के लिए अपहरण करने के कई मामले दर्ज हैं।
कैमूर एसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर पुलिस वाछिंत अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अभियान चला रही। उन्होंने कहा कि हमारे इस अभियान के तहत इनामी कुख्यात डकैत दारोगा लोहार को बिहार-यूपी बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार अपराधी भगवानपुर थाना क्षेत्र के बेल्डी गांव का रहने वाला है। ये पिछले 20 सालों से फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि दारोगा का गिरोह डकैती के साथ-साथ फिरौती के लिए अपहरण भी करता था। इस गिरोह के टारगेट पर बच्चे होते थे।
बच्चों का अपहरण करने के बाद उन्हें पहाड़ी क्षेत्रों की गुफाओं में छुपा दिया जाता था। फिरौती नहीं मिलने पर बच्चों को मार दिया जाता था। पुलिस को पूर्व में पहाड़ी क्षेत्र की गुफाओं से बच्चों के कंकाल मिले हैं। इसके गैंग ने पहले कई घरों में लोगों को बंधक बनाकर लोगों को लूटपाट तकी घटना को अंजाम दिया है।
बता दें कि बिहार में विधानसभा का चुनाव होना है। इसको लेकर आचार संहिता भी लागू कर दिया गया है। लेकिन अपराध का ग्राफ कम नहीं हो रहा है।