1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. फर्रुखाबाद: कार्यशाला एवं जागरूकता अभियान आयोजित हुआ

फर्रुखाबाद: कार्यशाला एवं जागरूकता अभियान आयोजित हुआ

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
फर्रुखाबाद: कार्यशाला एवं जागरूकता अभियान आयोजित हुआ

{ फर्रुखाबाद से सतीश गुप्ता की रिपोर्ट }

फर्रुखाबाद के विकास नगर बढपुर स्थित राजपूताना होटल में सूक्ष्म,लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय भारत सरकार की स्फूर्ति योजना के शुभारम्भ के अवसर पर स्रजिता सेवा संस्थान द्वारा कार्यशाला एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह द्वारा गांधीजी के चित्र पर माल्यार्पण कर व दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में नवाबगंज एवं मोहम्दाबाद ब्लाक के 18 ग्रामों के 150 से अधिक कारीगर पुरुष एवं महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया। स्फूर्ति योजना के मुख्य उद्देश्य परम्परागत कारीगरों को निरंतर रोजगार उपलब्ध कराना, कारीगरों का कौशल विकास करना, सामान्य सुविधा केन्द्र का निर्माण करना,कलस्टर गवरन्नेस प्रक्रिया को मजबूत करना, उन्नत तकनीकी प्रणालियों को अपनाना एवं ई-कामर्स की मार्केटिंग प्रणाली को सुद्रढता से लागू करना है।

फर्रुखाबाद जनपद में आलू के उत्पादन की स्थिति को देखते हुए सूक्ष्म,लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय भारत सरकार ने सृजिता सेवा संस्थान के पक्ष में स्फूर्ति योजना के अंतर्गत 1करोड़ 88 लाख रुपये की योजना की स्वीकृति प्रदान की है। योजना के अंतर्गत उपरोक्त 18 ग्रामों के लगभग 5 सौ कारीगरों को आगामी तीन से पांच वर्ष में रोजगार के अवसर सृजित किए जायेगे।

योजना के अंतर्गत कारीगरों को कुशलता प्रशिक्षण के अतिरिक्त भारत सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ दिया जायेगा।जिसमें मुख्य रूप से बीमा योजना, स्वास्थ्य योजना, पैन्शन योजना तथा कारीगरों के बच्चों को कक्षा 9 से 12 तक स्कूल फीस को उपलब्ध कराये जाने का भी प्रावधान है।

कारीगरों को पूरे वर्ष रोजगार के अवसर मिलते रहे इसके लिए इस परियोजना में यह व्यवस्था भी की गई है कि आलू से बने उत्पाद जैसे चिप्स, भुजिया, फिंगर चिप्स, नूडल्स,पास्ता एवं अन्य उपयोग में आने वाले अन्य फास्टफूड उत्पादों का भी समावेश है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...