{ फर्रुखाबाद से सतीश गुप्ता की रिपोर्ट }
फर्रुखाबाद नगरपालिका की अधिशाषी अधिकारी रश्मी भारती का तबादला न होने के विरोध में सभासदों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रकट किया और गुस्साए सभासदों ने बाजार में ईओ की अर्थी निकालकर चेयरमैन मुर्दाबाद के नारे लगा कर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान एसडीएम सदर अनिल कुमार ने सीओ सिटी मन्नीलाल गौड के साथ नगर पालिका कार्यालय पहुंच कर सभासदों के साथ वार्ता की। वार्ता के दौरान सभासदों ने एसडीएम अनिल कुमार को बताया कि उनकी सबसे बड़ी एक ही मांग है कि भ्रष्ट ईओ रश्मी भारती का तुरंत ही यहां से तबादला किया जाए।

सभासदों ने एसडीएम को ईओ की कार्यशैली को बताते हुए उनके भ्रष्टाचार के बारे में व्यापक जानकारी दी। सभासदों ने शिकायत की कि ईओ के संरक्षण में उनके पालतू ठेकेदार माफिया सभासदों को धमकी दे रहे हैं।
सभासदों ने कहा कि ईओ रश्मी भारती की सभासद व कर्मचारियों से कोई हमदर्दी नहीं है रिश्वत मिलने के कारण उनकी ठेकेदारों पर मेहरबानी है।

घटिया निर्माण कार्य की शिकायत मिलने पर एसडीएम ने फोन पर ही नगरपालिका के जेई सुहेल खां को बबलू गिहार ठेकी के निकट होने वाले निर्माण कार्य की तुरंत ही जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिये और साथ ही निर्माण कार्य की फोटो भी खींचने की सलाह दी।

वही जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह द्वारा सभासदों को चेतावनी दिए जाने व दोषियों की जांच कराने का आश्वासन दिए जाने पर बिगत कई दिनों से कर रहे हड़ताल व धरना प्रदर्शन को सभासदों ने समाप्त कर दिया।