फर्जी टीआरपी रैकेट की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच ने आज 6 लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया है।
जिन से पूछताछ के लिए बोला गया है उनमें रिपब्लिक टीवी के सीईओ विकास कनचंदानी, सी.ओ.ओ हर्ष भंडारी, सीओओ प्रिया मुखर्जी, डिस्ट्रीब्यूशन हेड घनश्याम सिंह हैं। हंसा एजेंसी के सीईओ और हंसा के एक कर्मचारी को पूछताछ के लिए बुलाया गया है, इन लोगों के पास समन शनिवार को ही भेज दिया गया था।
शनिवार को रिपब्लिक टीवी के सीएफओ एस. सुंदरम और घनश्याम सिंह समन के बावजूद क्राइम ब्रांच के सामने हाजिर नहीं हुए। उन्होंने न आने की वजह भी बताई। क्राइम ब्रांच को पत्र लिखते हुए उन्होंने कहा कि घनश्याम सिंह मुम्बई के बाहर हैं और सुंदरम ने रिपब्लिक द्वारा सुप्रीम कोर्ट में गुहार की बात की है। सुंदरम ने 16 अक्टूबर तक अपने कुछ कामो में व्यस्त रहने के चलते क्राइम ब्रांच से वक्त मांगा है।
मुंबई क्राइम ब्रांच की अपराध खुफिया इकाई (सीआईयू) फर्जी टीआपी रैकेट की जांच कर रही है। पुलिस ने इस मामले में गुरुवार को फक्त मराठी और बॉक्स सिनेमा के मालिकों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया था।
गुरुवार को पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर फर्जी टीआरपी रैकेट का खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि इस बात की जांच की जा रही है कि चैनल ने अपनी रेटिंग बढ़ाने के लिए दर्शकों को पैसे दिए ताकि उसे विज्ञापन से ज्यादा रेवेन्यू आ सके।