सागर/गढ़ाकोटा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने कहा है कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में हर खेत तक पानी पहुंचाने के लक्ष्य के साथ किसान कल्याण के लिए बजट में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सागर जिले के गढ़ाकोटा में आयोजित 218वें ऐतिहासिक रहस मेले के शुभारंभ अवसर पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रहस मेले के 217 साल पुराने गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए और उनके शौर्य को प्रणाम करते हुए कहा –
“बड़े लडैया महोबा वाले,
जिन की मार सही ना जाये।
एक को मारे दोई मर जावे,
तीजा खौफ खाये मर जाये।।”
ऐसी वीरता और पराक्रम का लोहा मनवाने वाले मातृभूमि पर सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान योद्धाओं की भूमि को कोटिशः नमन।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि Sagar जिले के रहली क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए फूड पार्क की स्थापना की जाएगी। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और किसानों को अपनी उपज के बेहतर दाम मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि से जुड़े व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने रहस मेले के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए बुंदेलखंड के वीर योद्धाओं आल्हा-ऊदल के शौर्य को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की वीरता, परंपरा और आत्मसम्मान का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में मेलों और पर्वों का ऋतुओं से गहरा संबंध बताते हुए उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की धरती पर आकर मन स्वतः ही आनंदित हो जाता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि बजट 2026-27 में यशोदा योजना की शुरुआत की गई है, जिसके तहत अब प्रदेश के शासकीय स्कूलों में कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों को नि:शुल्क टेट्रा पैक दूध उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, लाड़ली बहनों को हर माह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिल रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 32.78 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में 196.72 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। इन योजनाओं के अंतर्गत प्रत्येक हितग्राही को प्रतिमाह 600 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रहली विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें खेजरा-शाहपुर-मोकलपुर फ्लाईओवर का निर्माण, रहली एवं गढ़ाकोटा कृषि उपज मंडी के उन्नयन के लिए 5-5 करोड़ रुपये तथा शाहपुर उपमंडी के विकास हेतु 1 करोड़ रुपये की स्वीकृति शामिल है। साथ ही, लगभग 22 किलोमीटर लंबी सड़कों के चौड़ीकरण और उन्नयन की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में बीड़ी उद्योग और तेंदूपत्ता संग्रहण केवल व्यापार नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की आजीविका है। इनसे जुड़े श्रमिकों और कारीगरों के उत्थान के लिए जनप्रतिनिधियों की समिति बनाकर ठोस कार्यवाही की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में मल्टी स्पोर्ट्स और स्टेडियम कॉम्प्लेक्स के निर्माण की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रहली क्षेत्र को भव्य सांदीपनि विद्यालय की सौगात मिली है, जहां विद्यार्थियों को नि:शुल्क गणवेश, पुस्तकें और साइकिलें दी जा रही हैं। स्कूल टॉपर्स को स्कूटी प्रदान की जा रही है और सांदीपनि विद्यालय अब निजी स्कूलों से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
गढ़ाकोटा और रहली में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
महाविद्यालय में वाणिज्य एवं इतिहास संकाय की शुरुआत
नया फ्लाईओवर और सड़कों का उन्नयन
कृषि उपज मंडियों के विकास के लिए करोड़ों की स्वीकृति
सोनार नदी से सिंचाई क्षेत्र बढ़ाने के प्रयास