मंदसौर जिले की पुलिस को उस वक्त बड़ी कामयाब हाथ लगी जब अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने विजय हाउसिंग सोसायटी, फार्मेसी कॉलेज रोड पर स्थित कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो वहां का नज़ारा देखकर पुलिस भी चौंक गई। कमरे के अंदर नीले, हरे और पीले रंग के बड़े-बड़े प्लास्टिक ड्रम रखे हुए थे। इनमे अंदर तरल पदार्थ भरा हुआ मिला और तेज केमिकल की तीखी गंध महसूस हुई।
जांच में यह संदिग्ध केमिकल मादक पदार्थ निर्माण में उपयोग होने वाला पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए मौके से कई कुंतल केमिकल जब्त किया। फिलहाल पुलिस ने राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी आरोपी श्रेयांस के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस को एक आवेदन मिला था, जिसके आधार पर कार्रवाई की गयी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में केमिकल कहाँ से आया और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है।