मुंबई। टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री और ‘गोपी बहू’ के नाम से मशहूर देवोलीना भट्टाचार्जी ने असम में आई भीषण बाढ़ को लेकर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा करते हुए बताया कि उनकी मां अभी भी बाढ़ प्रभावित नजीरा क्षेत्र में फंसी हुई हैं। वीडियो के दौरान अभिनेत्री भावुक हो गईं और अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं।
देवोलीना ने कहा कि वह अब तक इस विषय पर इसलिए चुप थीं क्योंकि उन्हें पता था कि कैमरे के सामने अपनी भावनाओं को संभाल पाना उनके लिए मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि असम और वहां के लोग उनके जीवन का अहम हिस्सा हैं और मौजूदा हालात देखकर उन्हें बेहद पीड़ा हो रही है।
अभिनेत्री ने बताया कि उनका बचपन असम के शिवसागर और नजीरा में बीता है। वहीं उनका जन्म हुआ और शुरुआती शिक्षा भी यहीं पूरी हुई। उन्होंने कहा कि इन इलाकों से उनका भावनात्मक रिश्ता है, इसलिए वहां की तबाही उन्हें अंदर तक झकझोर रही है।

मां सुरक्षित, लेकिन परिवार को हुआ भारी नुकसान
देवोलीना ने बताया कि उनकी मां फिलहाल नजीरा में हैं। उन्होंने राहत की बात यह कही कि उनका पैतृक घर अपेक्षाकृत सुरक्षित स्थान पर होने के कारण पूरी तरह जलमग्न नहीं हुआ। हालांकि, उनकी दादी और आंटी के घर बाढ़ में पूरी तरह डूब गए हैं, जिससे परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
बाढ़ की भयावह स्थिति का जिक्र करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में भारी तबाही हुई है और कई परिवारों का सब कुछ पानी में बह गया। उन्होंने कहा कि हालात बेहद दर्दनाक हैं और वहां लोगों के सामने फिर से जीवन शुरू करने की चुनौती खड़ी हो गई है।
देवोलीना का भावुक वीडियो सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें हिम्मत बंधाई। कई लोगों ने उनके परिवार की सलामती और असम में बाढ़ प्रभावित लोगों के जल्द सुरक्षित होने की कामना की।