1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उप: विधानसभा सत्र 13 फरवरी से, 18 को पेश होगा राज्य का बजट

उप: विधानसभा सत्र 13 फरवरी से, 18 को पेश होगा राज्य का बजट

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

उत्तर प्रदेश विधान मंडल का सत्र 13 फरवरी से शुरू होकर सात मार्च तक चलेगा। राज्य सरकार 18 फरवरी को बजट पेश करेगी। प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप कुमार दुबे ने गुरुवार को सत्र आयोजित किए जाने संबंधी कार्यक्रम जारी किया।

यूपी का बजट 18 फरवरी को 12.20 बजे पेश किया जाएगा। राज्यपाल का 13 फरवरी को राज्य विधान मंडल में एक साथ दोनों सदनों के समक्ष अभिभाषण होगा। इसके साथ ही औपचारिक कार्य के साथ अध्यादेश, अधिसूचनाओं, नियमों आदि को सदन के पटल पर रखा जाएगा।

इसके अगले दिन 14 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा शुरू होगी। शनिवार 15 और रविवार 16 फरवरी को सदन की बैठक नहीं होगी। इसके अगले दिन सोमवार यानी 17 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर फिर चर्चा शुरू होगी।

18 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2020-2021 का बजट प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर फिर से चर्चा शुरू की जाएगी। 20 फरवरी से बजट पर चर्चा शुरू होगी। इसके बाद तीन दिन 21 से 23 फरवरी तक सदन की बैठक स्थगित रहेगी।

सदन के आखिरी दिन यानी 7 मार्च को बजट अनुदानों की मांगों पर विचार एवं मतदान होगा। इसके बाद विनियोग विधेयक 2020 का सदन की अनुज्ञा से पुर:स्थापन, उस पर विचार व उसका पारण होगा।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...