देवरिया – शहर के सुर्ती हट्टा रोड में आज सुबह आग लगने से एक व्यवसायी दंपति समेत तीन लोग झुलस गए। घर में रसोई गैस लिकेज से लगी आग ने पहले मकान और फिर रूई की दुकान को अपनी आगोश में ले लिया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। स्थिति गंभीर देख व्यवसायी की पत्नी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। इस घटना में व्यवसायी को करीब 50 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
जिला मुख्यालय के सुर्ती हट्टा के रहने वाले श्याममोहन पुत्र भगवती प्रसाद की मकान में ही रुई की होलसेल दुकान है। शनिवार की सुबह परिवार के लोग पूजा के लिए अगरबत्ती जलाए थे। इसी बीच रसोई गैस लिकेज से आग मकान में आग लग गई।
कुछ ही देर में दुकान में रखी रूई में भी आग पकड़ लिया। इससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंच करीब एक घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में आग बुझाने का प्रयास करते समय व्यवसायी श्याममोहन, उनकी पत्नी सुनिता और बेटी खुशी झुलस गईं।
परिजनों ने सभी लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से पत्नी सुनीता देवी की स्थिति गंभीर देख मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। व्यवसायी के अनुसार इस घटना में उसका 3 लाख नकदी समेत करीब 50 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।