1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. दिल्लीः कोरोना मरीजों के घर के बाहर नहीं लगेंगे पोस्टर, जानिए पूरा मामला

दिल्लीः कोरोना मरीजों के घर के बाहर नहीं लगेंगे पोस्टर, जानिए पूरा मामला

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
दिल्लीः कोरोना मरीजों के घर के बाहर नहीं लगेंगे पोस्टर, जानिए पूरा मामला

दिल्ली में कोरोना से संक्रमित होम क्वारंटाइन मरीजों के घर के बाहर अब पोस्टर नहीं लगेंगे।

दिल्ली सरकार ने कहा है कि इससे लोगों को काफी दिक्कत हो रही थी, लोग बीमारी के लक्षण के बाद भी जांच के लिए आगे नहीं आ रहे थे। प्रशासन ने अब कोरोना संक्रमित मरीजों के घर के बाहर पोस्टर न लगाने के निर्देश दिए हैं।

दिल्ली सरकार की तरफ से गुरुवार को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया है कि जिला अधिकारियों को होम क्वारंटाइन 12,890 लोगों के घर के बाहर लगे पोस्टर को जल्द हटाने को कहा गया है।

एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि होम आइसोलेटेड मरीजों पर पहले की तरह ही नजर रखी जा रही है ।

अफसर ने बताया कि उपराज्यपाल अनिल बैजल की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक में पोस्टर न लगाने के संबंध में फैसला लिया गया था।

दिल्ली प्रशासन ने बुधवार को 11 जिलों के सभी जिलाधिकारियों और मुख्य निगरानी अधिकारियों को इस संबंध में दिशानिर्देश जारी कर दिए थे।

पोस्टर का फैसला दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने लिया जिसके मुखिया उप राज्यपाल अनिल बैजल हैं। मुख्य सचिव विजय देव ने सभी जिलाधिकारियों और मुख्य निगरानी अधिकारियों को इस बाबत दिशा-निर्देश दिए हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...