दिल्ली हाईकोर्ट ने कालिंदी कुंज रोड को लेकर दिल्ली पुलिस को इस मामले पर बड़ा एक्शन लेने का आदेश दे दिया है। कालिंदी कुंज रोड नोएडा से दिल्ली, फरीदाबाद औऱ गुरूग्राम को जोड़ती है और पिछले एक महीने से भी ज्यादा समय से नागरिकता संशोधन कानून के विरोध- प्रदर्शन को लेकर बंद है। जिससे तमाम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जस्टिस नवीन चावला ने दिल्ली पुलिस को रोड बंद होने के मसले पर ऐक्शन लेने का आदेश दिया है। दरअसल सरिता विहार रेजिडेंट्स वेलफेयर असोसिएशन की ओऱ से दायर याचिका में कहा गया था कि 15 दिसंबर से इस रोड के बंद होने के कारण स्कूली छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। कई छात्रों की पढ़ाई का ऐसे वक्त में नुकसान हो रहा है, जबकी उनकी बोर्ड की परीक्षाओं में कुछ ही दिन बचे हैं।
याचिकाकर्ताओं का पक्ष रखते हुए वकील अमरेश माथुर ने कोर्ट में कहा था कि फरवरी औऱ मार्च में 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड औऱ बोर्ड की परीक्षाएं हैं। लेकिन कालिंदी कुंज रोड के बंद होने के कारण मथुरा रोड पर भारी जाम लग रहा है जिसके कारण छात्र अपने स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसके कारण छात्रों का करियर बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।