दिल्ली विधानसभा चुनाव वोटों की गिनती चल रही है। तीन राउंड की काउंटिंग हो चुकी है। 70 सीटों के रुझान में आम आदमी पार्टी का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। 2015 के मुकाबले बीजेपी को भी अच्छा फायदा होता दिख रहा है। वहीं रुझान आने के साथ ही कांग्रेस उम्मीदवार मुकेश शर्मा ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। विकासपुरी से आम आदमी पार्टी के महिंदर यादव आगे चल रहे हैं जबकि दूसरे नंबर पर बीजेपी के संजय सिंह हैं।
विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे मुकेश शर्मा ने ट्वीट कर लिखा कि, मैं अपनी हार स्वीकार करते हुए विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं व कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूं और आशा करता हूं कि क्षेत्र का चौमुखी विकास होगा। मैं भविष्य में भी दिल्ली, विकासपुरी व उत्तम नगर विधानसभा क्षेत्र के चौमुखी विकास के लिए लड़ाई लड़ता रहूंगा।
मुकेश शर्मा की माने तो वह काउंटिंग सेंटर के अंदर नहीं गए, लेकिन उन्हें अपने सूत्रों से पता लगा है कि वह पहले राउंड में ही पीछे हैं। इसलिए उन्होंने बड़प्पन दिखाते हुए हार स्वीकार कर ली। उनका कहना है कि जो शुरुआती ट्रेंड आया है, वह कांग्रेस की बुरी हार दिखा रहा है।
सीटों की बात करे तो, चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, 68 सीटों के रुझान आए हैं, आम आदमी पार्टी 50 सीटों पर आगे है, भारतीय जनता पार्टी 18 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।