दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। 19 फरवरी को भाजपा विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी और 20 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। यह समारोह रामलीला मैदान में होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, भाजपा और NDA शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे।
शपथ ग्रहण समारोह में कई बड़ी हस्तियां होंगी शामिल
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, इस भव्य कार्यक्रम में उद्योगपति, फिल्म स्टार, क्रिकेट खिलाड़ी, साधु-संत और विभिन्न देशों के राजनयिक भी आमंत्रित किए गए हैं। इसके अलावा, दिल्ली के 12 से 16 हजार लोगों को भी इस कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा, जिससे यह एक ऐतिहासिक आयोजन बनेगा।
कार्यक्रम की तैयारियों की निगरानी में जुटे भाजपा नेता
शपथ ग्रहण समारोह की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और तरुण चुघ को सौंपी गई है। वे इस कार्यक्रम की पूरी योजना और सुरक्षा प्रबंधन पर नजर रख रहे हैं।
पहले खबर थी कि यह बैठक 17 फरवरी को होगी, लेकिन अब इसे दो दिन आगे बढ़ाकर 19 फरवरी को रखा गया है। इस बैठक में दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। बैठक में सभी 48 नवनिर्वाचित विधायक केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में भाजपा विधायक दल के नेता का चुनाव करेंगे, जो दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह 20 फरवरी को रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं समेत NDA के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और तरुण चुग को सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री पद के लिए ये नाम सबसे आगे
दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है। संभावित नामों में नई दिल्ली सीट से विधायक प्रवेश वर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, रेखा गुप्ता और सतीश उपाध्याय का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। वहीं, कुछ सूत्रों के अनुसार, भाजपा किसी सांसद को भी मुख्यमंत्री बना सकती है, जिसमें केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद मनोज तिवारी और बांसुरी स्वराज के नामों की चर्चा जोरों पर है।
BJP की रणनीति और जनता की अपेक्षाएं
भाजपा आलाकमान ऐसा मुख्यमंत्री चुनने की योजना बना रहा है, जो न सिर्फ पार्टी के भीतर सामंजस्य बनाए रखे बल्कि जनता की उम्मीदों पर भी खरा उतरे। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में यमुना सफाई, महिलाओं को ₹2500 प्रति माह देने समेत कई वादे किए हैं, जिन्हें अब पूरा करने की दिशा में काम शुरू होगा।
दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है, इसलिए इससे पहले नए मुख्यमंत्री और उनकी सरकार के शपथ लेने की संभावना है। अब सभी की नजरें 19 और 20 फरवरी पर टिकी हैं, जब दिल्ली को अपना नया मुख्यमंत्री मिलेगा।