दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रदेश के पूर्व जनसंपर्क मंत्री पी.सी. शर्मा दतिया पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की तैयारियों और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
मीडिया से बातचीत के दौरान पी.सी. शर्मा ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार के चयन की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि संभावित नामों पर संगठन स्तर पर विचार-विमर्श किया जा रहा है और अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा उचित समय पर की जाएगी।

पी.सी. शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पूरी ताकत और संगठनात्मक एकजुटता के साथ दतिया उपचुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय हैं और चुनाव को लेकर लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
पूर्व मंत्री ने विश्वास जताया कि दतिया की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस को सकारात्मक समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में उत्साह है और पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी।