1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. दामोदर यादव का धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला, खुलकर राजनीति के मैदान में आने की दी चुनौती

दामोदर यादव का धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला, खुलकर राजनीति के मैदान में आने की दी चुनौती

यादव ने पूछा कि आज के समय में अगर कोई गरीब, किसान या मजदूर चार बच्चे पैदा कर ले, तो क्या उनके पालन-पोषण और शिक्षा की जिम्मेदारी धीरेंद्र शास्त्री या उनकी सरकार उठाएगी?

By: Naredra 
Updated:
दामोदर यादव का धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला, खुलकर राजनीति के मैदान में आने की दी चुनौती

दतियाः बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा चार बच्चे पैदा करने की नसीहत देने वाले बयान पर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव ने इस बयान को लेकर धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला बोला है। यादव ने शास्त्री की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर सवाल उठाते हुए उन्हें भगवा वस्त्र उतारकर खुलकर राजनीति करने की चुनौती दी है।

दामोदर यादव ने धीरेंद्र शास्त्री पर तंज कसते हुए कहा कि शास्त्री जिस राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यक्रम और मंच से यह बातें बोल रहे थे, उन्हें पहले उसी संगठन के नेताओं से पूछना चाहिए कि वे कितने बच्चे पैदा करते हैं। यादव ने जमीनी हकीकत का हवाला देते हुए पूछा कि आज के समय में अगर कोई गरीब, किसान या मजदूर चार बच्चे पैदा कर ले, तो क्या उनके पालन-पोषण और शिक्षा की जिम्मेदारी धीरेंद्र शास्त्री या उनकी सरकार उठाएगी?

यादव ने अपने पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि आज उनके द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह सही सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरह सीएम बनने का ख्वाब देख रहे हैं। इसी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए वह लगातार संघ के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं और उनके एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं।

दामोदर यादव ने मंचों से दिए जा रहे ऐसे बयानों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि धर्म की आड़ में राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर धीरेंद्र शास्त्री को राजनीति ही करनी है, तो उन्हें अपने भगवा वस्त्र उतार देने चाहिए और सीधे तौर पर राजनीतिक मैदान में उतरकर खुलकर राजनीति करनी चाहिए।

दतिया से संवाददाता विनोद कुशवाह की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...