श्रमिकों को लेकर जा रही बस की सोनभद्र में बुधवार को ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में 14 श्रमिक घायल हो गए। तीन की हालत गंभीर है। रेणुकूट-अम्बिकापुर मुख्य मार्ग पर म्योरपुर के नधिरा किरबिल के जंगल में बुधवार की सुबह करीब दस बजे बस हादसा हुआ। सभी घायलों को बभनी पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी और म्योरपुर में भेजा है।
बताया जाता है कि फैजाबाद से ईंट भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिकों को लेकर बस बिलासपुर (छत्तीसगढ़) जा रही थी। नधिरा किरबिल के जंगल के पास सामने से बभनी की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक सड़क से पचास मीटर दूर नीचे चला गया और बस सड़क के पटरी से नीचे उतर गई।