रिपोर्ट: सत्यम दुबे
मुंबई: देश में तेजी के साथ फैल रहे कोरोना संक्रमण से लोग दम तोड़ रहे हैं, वहीं बुधवार को बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए भी कोरोना महामारी ने गहरा झटका दिय है। दिग्गज अभिनेता किशोर नांदलस्कर की कोरोना महामारी के चपेट में आने से निधन हो गया। कोरोना से संक्रमित होने के बाद उनको हाल ही में ठाणे के एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। मंगलवार दोपहर 12:30 बजे अंतिम सांस ली।
दिग्गज अभिनेता नांदलस्कर पिछले कुछ दिनों से कोरोना वायरस से संक्रमित थे। वे मराठी फिल्मों के बड़े स्टार थे। नांदलस्कर ने न केवल मराठी सिनेमा में काम किया बल्कि बॉलीवुड फिल्मों में भी खूब काम किया। 40 नाटकों और 20 से अधिक सीरीज में भी किशोर ने काम किया। वहीं उन्होंने 30 से अधिक मराठी फिल्में भी कीं। अपने छोटे किरदारों से भी उन्होंने लोगों पर कभी न मिटने वाली छाप छोड़ी है। उनके निधन की खबरें जैसे ही इंडस्ट्री को लगी कई बड़े चेहरे ने दुख व्यक्त किया हैं।
अभिनेता नांदलस्कर के पोते अनीष ने मीडिया को निधन की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने बताया कि कोविड सेंटर में भर्ती कराने से पहले उन्हें सांस लेने और बात करने में काफी तकलीफ थी। उनका ऑक्सीजन लेवल भी बहुत कम था।
अभिनेता नांदलस्कर ने ‘खाकी’, ‘सिंघम’, ‘जिस देश में गंगा रहती है’ और ‘वास्तव’ जैसी हिंदी फिल्मों में काम किया था। साल 2000 में रिलीज हुई गोविंदा स्टारर फिल्म ‘जिस देश में गंगा रहती है’ में ‘सन्नाटा’ का रोल अदा किया था, जो लोगों को खूब पसंद आया था।
इसके साथ ही अभिनेता नांदलस्कर ने साल 1989 में मराठी फिल्म ‘इना मीना डीका’ से फिल्म जगत में डेब्यू किया था। उन्होंने मराठी फिल्मों ‘मिस यू मिस’, ‘भविष्याची ऐशी तैशी’, ‘गाव थोर पुढारी चोर’, ‘जरा जपुन करा’, ‘हैलो गंधे सर’, ‘मध्यममार्ग – द मिडिल क्लास’ जैसी कई फिल्मों में कमाल का अभिनय किया था। इनके निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।