भारत में कोरोना वायरस का प्रकोप कम होने की बजाय बढ़ता ही जा रहा है। देश की राजधानी दिल्ली मेंं पिछले 29 दिनों में ही एक लाख नए केस सामने आए। इसके साथ ही देश की राजधानी में अब तक कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 3 लाख के पार चली गई है।
देश की राजधानी में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 2726 नए मामले सामने आए। इस तरह दिल्ली में कोरोना वायरस के कुल 3 लाख 833 केस सामने आ चुके हैं। दिल्ली में एक से लेकर एक लाख मरीजों तक पहुंचने में 126 दिन लगे थे, लेकिन एक लाख से दो लाख होने में सिर्फ 65 दिन लगे।अब चिंता की बात यह है कि दो से तीन लाख मरीज केवल 29 दिनों में सामने आए।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को 37 और लोगों की मौत हो गई है। इसी के साथ दिल्ली में कोरोना संक्रमण से मौत का आंकड़ा 5653 तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में 2643 लोग इलाज के बाद ठीक भी हुए हैं।
वर्तमान में दिल्ली में 22 हजार 232 कोरोना संक्रमितों का इलाज हो रहा है। शहर में रिकवरी रेट 90.73 प्रतिशत तक पहुंच गया है। राज्य में वर्तमान में 12 हजार 890 लोग होम आइसोलेशन में रह रहे हैं। वहीं 6,616 संक्रमितों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
देश की राजधानी में कोरोना को मात देकर अब तक 2,72,948 लोग ठीक होकर घर वापस लौट चुके हैं। राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस का पहला मामला 2 मार्च को आया था।
इसके बाद 6 जुलाई को कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख के पार पहुंची थी। फिर 9 सितंबर को कोरोना संक्रमितों की संख्या दो लाख से ज्यादा हुई थी। 8 अक्टूबर को दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या तीन लाख के पार पहुंची है।