मध्यप्रदेश के रतलाम शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने इस मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस से तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मामले को लेकर बड़ी संख्या में भाजयुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाट की चौकी स्थित पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे। यहां उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता।
भाजयुमो कार्यकर्ता अंकुश श्रीवास्तव ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करने और कानून के तहत कठोर कार्रवाई करने की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया शुरू करने की बात कही।

विरोध प्रदर्शन में भाजयुमो जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी, जिला महामंत्री कृष्णा डिंडोर सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति या देश के प्रधानमंत्री के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना नहीं है। उनका कहना था कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि यदि मामले में जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष, त्वरित और कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।