कटनीः किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जोरदार धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और किसानों की ज्वलंत समस्याओं को तत्काल हल करने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान किसानों ने विशेष रूप से गेहूं उपार्जन में हो रही अव्यवस्थाओं, समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी में देरी और आर्थिक संकट जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि गेहूं खरीदी प्रक्रिया को सुचारू किया जाए, किसानों को समय पर भुगतान मिले और उन्हें आर्थिक राहत प्रदान की जाए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि किसान आज गंभीर संकट से गुजर रहा है, लेकिन सरकार उसकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं दिख रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के हक की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार जल्द ठोस कदम नहीं उठाती, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। धरना-प्रदर्शन में प्रियदर्शन गौर, रजनी वर्मा, राजेश जाटव, अजय जैसवानी, सौम्या राधेलिया, मंगल सिंह सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कटनी से संवाददाता सत्येंद्र गौतम की रिपोर्ट