पन्ना। जिले में हुई मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अतिवृष्टि के चलते ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं और जनहानि की घटनाओं से कई परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत और उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना ने आवाज उठाई है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनीस खान ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन भेजकर अतिवृष्टि और बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में ग्राम गड़ीपड़रिया निवासी दिव्यांशु शुक्ला और ग्राम बसौरा निवासी 8 वर्षीय अमन चौधरी की नाले के तेज बहाव में हुई मौत का उल्लेख किया गया। इसके अलावा मूसलाधार बारिश के दौरान दीवार गिरने से हुई वृद्ध की मौत तथा ग्राम पंचायत तिलगवा के मृतक अर्जुन गौड़ का भी जिक्र किया गया।
कांग्रेस ने मृतक परिवारों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही अतिवृष्टि में क्षतिग्रस्त मकानों, घरेलू सामान और अनाज के नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की गई।अनीस खान ने किसानों की बर्बाद फसलों का निष्पक्ष सर्वे कराने, फसल क्षति का मुआवजा दिलाने और पात्र किसानों को फसल बीमा की राशि उपलब्ध कराने की मांग की। प्रभावित गांवों में सड़क, पुल-पुलिया, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं को भी जल्द दुरुस्त करने की मांग रखी गई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने गढ़ी पड़ड़िया में पठार वाले नाले पर पूर्व में बने स्टॉप डैम के टूटने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इसकी जांच कराने, स्टॉप डैमों का पुनर्निर्माण कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए स्थायी व्यवस्था बनाने की मांग की।अनीस खान ने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर प्रभावित परिवारों को उचित राहत और मुआवजा नहीं दिया गया, तो जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना जिला कलेक्ट्रेट का घेराव कर आंदोलन करेगी।
पन्ना से राजेश रावत की रिपोर्ट।